साहिबगंज/मंडरो/ बरहरवा: उपायुक्त -सह – जिला दंडाधिकारी वरुण रंजन ने रविवार को मिर्जाचौकी चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी चेक पोस्टों पर 24 घंटे दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगें। दूसरे राज्यों या अन्य जिलों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति व निर्गत पास की भी जाँच की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिले में कोरोना मरीजों के बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सारी तैयारी कर ली है। बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कोरोना जाँच सहित अन्य बायोडाटा एकत्रित की जाएगी। उनके अनुसार बाहर से आने वाले लोगों को 14 दिन के लिए क्वॉरेंटाइन किया जाएगा। कहा कि बाहर से आए लोगों के कारण कोरोना का दुष्प्रभाव बढ़ सकता है। इसलिए एहतियातन बाहर से आने वाले लोगों की सीमा पर ही प्राथमिक जांच जरूरी है। चेकनाका पर प्रत्येक व्यक्ति एवं गाड़ी का बायोडाटा तैयार किया जाए। साथ ही यात्रा पास की भी जाँच की जाएगी। बाहर से आने वाले लोगों की प्राथमिक जांच (थर्मल स्क्रीनिंग) सीमा पर ही सुनिश्चित होगी। निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार साव, बीडीओ श्रीमान मरांडी, अंचल अधिकारी सुनीता किस्कु,जन संपर्क पदाधिकारी विकास कुमार हेम्ब्रम, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस कर्मी व अन्य शामिल थे। वहीं राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बरहरवा प्रखंड के बरारी चेकनाका का निरीक्षण किया। बरारी चेकपोस्ट झारखंड की सीमा को बंगाल से जोड़ता है। यहां से संक्रमित मरीज़ों के ज़िले में आने की संभावना रहती है। एसडीओ ने वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस कर्मियों को 24 घण्टे हर आने जाने वाले व्यक्ति व वाहनों की कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों को बिना एंट्री पास के किसी भी वाहन को सीमा में प्रवेश न करने देने व पास की चेकिंग करने का निर्देश दिया। निरीक्षण में बरहरवा प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू , पुलिस कर्मी, मजिस्ट्रेट व अन्य मौजूद थे।